सारंगढ़-बिलाईगढ़। वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत सरसभांठा एवं बालपुर के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 17 अगस्त से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों की सबसे प्रमुख मांग पेड्रावन–सरसभांठा–बालपुर–कोसिर मार्ग के करीब 7 किलोमीटर लंबे जर्जर सड़क मार्ग के निर्माण की है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ एवं जलभराव के कारण आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने के साथ ही निर्माण शुरू होने तक जर्जर सड़क की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
1.21 करोड़ से अधिक स्वीकृति, फिर भी स्कूल भवन का इंतजार
ज्ञापन में बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल के भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए शासन से 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। भवन के अभाव में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को असुविधाजनक परिस्थितियों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने स्वीकृत राशि के अनुरूप विद्यालय भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
अधूरे निर्माण और मुआवजे का भी उठाया मुद्दा
ज्ञापन में पूर्व में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण के दौरान पुल का कार्य किए जाने के बाद सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। वहीं बायपास सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों का मुआवजा भी एसडीएम कार्यालय में लंबित बताया गया है।
ग्रामीणों ने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा राशि का भुगतान करने तथा संबंधित सड़क निर्माण कार्य को गति देने की मांग की है।
दस्तावेजों के साथ सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं होने पर 17 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। आंदोलन की स्थिति निर्मित होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के साथ पंचायत प्रस्ताव, जर्जर सड़क की तस्वीरें तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन की स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज भी प्रशासन को सौंपे गए हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

- एसपी सुनील शर्मा के सख्त निर्देश और थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के कुशल नेतृत्व में सलिहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई… - August 7, 2026
- आरसेटी में आत्मनिर्भरता का मंत्र: राज्य निदेशक ने प्रशिक्षार्थियों को बांटे प्रमाण-पत्र… - August 7, 2026
- सारंगढ़:मां और शिशु की सेहत पर फोकस, 8 अगस्त को सुरक्षित मातृत्व शिविर… - August 7, 2026




