सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर अप्रैल से जुलाई तक संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की योजनावार एवं ब्लॉकवार प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। बैठक में डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, ऋचा सिंह, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, डीपीएम सहित दोनों विभागों के सेक्टर सुपरवाइजर एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए स्पष्ट कहा कि जिले में एक भी मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को प्रसव के दौरान आने वाली संभावित जटिलताओं की जानकारी देकर समय रहते नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने तथा सभी आवश्यक दवाएं और पोषक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को मिलकर प्रभावी कार्य करना होगा।
बैठक में टीबी एवं कुष्ठ रोग नियंत्रण अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी टीबी मरीजों को नियमित दवा सेवन, मास्क के उपयोग और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जिले में आठ बच्चों में कुष्ठ रोग के लक्षण पाए गए हैं तथा इस बीमारी के लक्षण विकसित होने में तीन से पांच वर्ष तक का समय लग सकता है। ऐसे में समय पर पहचान और उपचार बेहद आवश्यक है।
कलेक्टर ने 15 वर्ष की बालिकाओं एवं इच्छुक महिलाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने के लिए पालकों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। वहीं प्रधानमंत्री बाल संदर्भ चिरायु योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अब तक 1,883 हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने शेष 126 लंबित सत्यापन एवं अनुमोदन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्कूलों एवं विभागों के बीच आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा टीबी एवं कुष्ठ मुक्त जिला बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ अभियान चलाने पर जोर दिया।


- जल प्रदूषण मॉडल से छाईं अंशिका, विज्ञान मेले में बटोरी खूब वाहवाही… - August 6, 2026
- ‘शून्य मातृ-शिशु मृत्यु’ का लक्ष्य: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई सख्ती… - August 6, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भव्य किसान गोष्ठी संपन्न..नॉमिनी गोल्ड कूपन लकी ड्रा के विजेता को मिली चमचमाती मोटरसाइकिल.. - August 6, 2026




