सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त 2026। जिले के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। विकासखंड सारंगढ़ के ग्राम परसाडीह निवासी प्रगतिशील किसान कुलदीप पटेल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और किसानों से सीधे खरीद कर उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पहुंचाने के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम स्वागत समारोह’ में शामिल होने के लिए कुलदीप पटेल को राष्ट्रपति द्वारा विशेष आमंत्रण भेजा गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में कृषि, विज्ञान, शिक्षा, उद्योग, नवाचार, सामाजिक विकास, संस्कृति और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देश के चुनिंदा व्यक्तियों और संस्थाओं को आमंत्रित किया जाता है। इस समारोह में आमंत्रण मिलना किसी भी व्यक्ति के योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान माना जाता है।
कुलदीप पटेल ने वर्ष 2018 में ‘फसल बाजार’ की स्थापना कर किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए ‘किसान से उपभोक्ता तक’ की सशक्त अवधारणा को सफल बनाया। उन्होंने ‘गवई’ ब्रांड के माध्यम से रागी, कोदो, कुटकी सहित विभिन्न मिलेट्स उत्पादों को नई पहचान दिलाई। स्थानीय किसानों से सीधे मिलेट्स की खरीदी, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन की व्यवस्था कर उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से जिले में श्रीअन्न की खेती को नई दिशा मिली है तथा किसानों में ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुलदीप पटेल ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट कर राष्ट्रपति भवन से प्राप्त आमंत्रण पत्र साझा किया। कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक किसान का नहीं, बल्कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले और पूरे छत्तीसगढ़ के मेहनतकश किसानों की प्रतिभा, नवाचार और क्षमता का राष्ट्रीय सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुलदीप पटेल की सफलता जिले के युवाओं और किसानों को कृषि आधारित उद्यमिता, मिलेट्स उत्पादन और मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
जिला प्रशासन, कृषि विभाग के उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधियों तथा जिले के किसानों ने भी कुलदीप पटेल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कृषि क्षेत्र की बढ़ती पहचान और किसानों की मेहनत को राष्ट्रीय मंच पर मिली बड़ी उपलब्धि बताया है।

- 15 अगस्त की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश… - August 4, 2026
- मां का दूध है शिशु का अमृत, स्तनपान सप्ताह में माताओं को दिया गया स्वास्थ्य का संदेश… - August 4, 2026
- ‘बिहान’ की राखियों की धूम: एक दिन में ₹13,420 की बिक्री, महिलाओं के हुनर को मिला सम्मान… - August 4, 2026




