सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को प्रारंभ किए गए “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत पं. लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय, सारंगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 100 सप्ताह तक चलने वाले इस जनभागीदारी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करना है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य एवं विशिष्ट अतिथि सतीश शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गीत, रंगोली तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जनभागीदारी समिति के सदस्य एवं महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और नशा मुक्त भारत के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।





