सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा के कड़े निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत 3 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी शिव कुमार धारी अपनी टीम के साथ थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 12 BV 7563 में एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन की जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध एक्टिवा को रोककर दोनों सवारों से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी ग्राम पहरिया, जिला जांजगीर-चांपा तथा वर्तमान निवासी सीतामणी, कोरबा बताया। वहीं पीछे बैठी महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया।
दोनों के जवाब संदिग्ध प्रतीत होने पर नियमानुसार नोटिस देकर तलाशी ली गई। जांच के दौरान महिला के बैग और एक्टिवा की सीट के नीचे कुल पांच पैकेटों में 9.295 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने बरामद गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि वह इसे पदमपुर क्षेत्र से खरीदकर लाई थी।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा और वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में सउनि बलीराम निराला, प्रउनि नवीन ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित समस्त थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

- सारंगढ़ के युवा राहुल हरिप्रिया बने एमएसीटी भोपाल में सहायक प्राध्यापक.. - August 4, 2026
- एसपी सुशील शर्मा की सख्ती, थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की अगुवाई में बड़ी सफलता: 9.295 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार… - August 4, 2026
- 5 अगस्त आखिरी मौका: खेल पुरस्कारों के लिए तुरंत करें आवेदन… - August 4, 2026




