सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 की खेल उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं पात्र अभ्यर्थी 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच की खेल उपलब्धियों के आधार पर आवेदन किए जा सकते हैं। पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। वहीं नगद राशि पुरस्कार एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए आवेदन सीधे संचालनालय, संबंधित खेल संघ अथवा जिला कार्यालय के माध्यम से भी जमा किए जा सकते हैं।
इन पुरस्कारों में शहीद राजीव पांडे पुरस्कार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीनियर खिलाड़ियों, शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय पदक विजेताओं, पंकज विक्रम सम्मान पिछले पांच वर्षों में चार बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ियों एवं खेल व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रॉफी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सीनियर एवं जूनियर टीमों को दी जाएगी। वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर खिलाड़ियों को नगद राशि पुरस्कार तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) का लाभ मिलेगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर राज्य सरकार की इन महत्वपूर्ण खेल सम्मान योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
