सारंगढ़। खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों (कोच) को प्रतिवर्ष विभिन्न राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों एवं राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। इसके लिए वर्ष 2025-26 की खेल उपलब्धियों के आधार पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक खिलाड़ी एवं कोच 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग द्वारा शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, पंकज विक्रम सम्मान, विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी सहित विभिन्न नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों की उपलब्धियां 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच की मान्य होंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन अपलोड करना होगा। वहीं नगद राशि पुरस्कार एवं डाइट मनी के लिए आवेदन संबंधित खेल संघ के माध्यम से संचालनालय तथा जिला कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग ने पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने का अवसर लेने की अपील की है।





