सारंगढ़। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में राज्य शासन की नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, बरमकेला में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की 53 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजू नायक, विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार चौहान तथा विद्यालय परिवार की उपस्थिति में अतिथियों ने फीता काटकर छात्राओं को साइकिल की चाबियां सौंपीं। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि अजय नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वाकांक्षी योजना दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के लिए कई किलोमीटर पैदल नहीं चलना पड़ेगा, जिससे उनका समय बचेगा और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति या दूरी जैसी कोई भी बाधा बेटियों की शिक्षा के मार्ग में रुकावट न बने। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की भी अपील की।
विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार चौहान ने कहा कि विद्यालय में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययन करने आती हैं। साइकिल मिलने से उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और उनमें आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से अब विद्यालय तक का सफर आसान होगा और वे बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। यह योजना बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

- सारंगढ़ के नन्हें हाथों में ‘आशीर्वाद का दीया’..जेन-अल्फा ने तोतली जुबां से मांगी प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की दुआ.. - September 17, 2026
- सारंगढ़ में 51 हजार दीपों से जगमगाया खाड़ाबन तालाब, मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में दिखा दीपोत्सव जैसा नजारा… - September 17, 2026
- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
