सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके जन्मदिन 17 सितंबर को सारंगढ़ सहित पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विशेष दीप प्रज्ज्वलन अभियान आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सारंगढ़ के खाड़ाबन तालाब के 10 घाटों पर एक साथ 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से तालाब के घाट जगमगा उठे और पूरा क्षेत्र आकर्षक रोशनी से आलोकित हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग, स्व-सहायता समूह, पुलिस विभाग, नगर पालिका सहित विभिन्न शासकीय एजेंसियों एवं सामाजिक समूहों के लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
सात बजे रोशन हुए घाट, देखते ही बना नजारा
शाम करीब 7 बजे जैसे ही एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए, खाड़ाबन तालाब के सभी 10 घाट रोशनी से नहा उठे। हजारों दीपों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को आकर्षक बना दिया। तालाब के चारों ओर दीपों की कतारें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और दीप जलाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कलेक्टर की अपील का जिलेभर में दिखा असर
कार्यक्रम से पहले कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से जिलेवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना के लिए दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की थी। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने अपने-अपने घर-आंगन, मंदिरों और तालाबों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई।
सारंगढ़ नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक दीपों की रोशनी शुभकामनाओं और सहभागिता का प्रतीक बनी। अनेक स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर इस अवसर को यादगार बनाया।
दीपों के माध्यम से दिया सेवा और सुशासन का संदेश
दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सुशासन, विश्वास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से अभिव्यक्त किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। खाड़ाबन तालाब में एक साथ जलाए गए 51 हजार से अधिक दीपों ने सारंगढ़ में दीपोत्सव जैसा दृश्य प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित इस विशेष अभियान में जिलेवासियों की सहभागिता से सारंगढ़ की शाम रोशनी और दीपों की आभा से जगमगा उठी।

- सारंगढ़ के नन्हें हाथों में ‘आशीर्वाद का दीया’..जेन-अल्फा ने तोतली जुबां से मांगी प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की दुआ.. - September 17, 2026
- सारंगढ़ में 51 हजार दीपों से जगमगाया खाड़ाबन तालाब, मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में दिखा दीपोत्सव जैसा नजारा… - September 17, 2026
- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
