सारंगढ़। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छुइहा (धनसीर) निवासी भूपेंद्र भैना के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस जघन्य और अमानवीय आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार दोनों शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आतंकवादियों की इस नृशंस हरकत की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं देश की एकता और मानवता पर हमला हैं, जिनका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।





