सारंगढ़। जिले में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सरिया पुलिस ने थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के कुशल नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से कार के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई ने जिले में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यशैली को एक बार फिर साबित कर दिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की वैगनआर कार क्रमांक CG 10 NB 5290 में एक व्यक्ति उड़ीसा के कुमो क्षेत्र से ग्राम केनाभांठा और कंठीपाली के रास्ते सारंगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर कंठीपाली अटल चौक के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम गोपाल साहू (27 वर्ष), पिता आनंद राम साहू, निवासी ग्राम कपिस्दा, थाना सारंगढ़ बताया। वाहन की तलाशी लेने पर बीच की सीट के नीचे खाकी रंग के टेप से लिपटे 5 पैकेट अवैध गांजा बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा के जयपुर निवासी अर्जुन से 20 हजार रुपये में गांजा खरीदकर उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के उद्देश्य से लाया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 पैकेट गांजा, वैगनआर कार तथा एक रियलमी मोबाइल सहित कुल 3 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का सामान विधिवत जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 170/26 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी एन.एल. राठिया, सहायक उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, पीएसआई गजेंद्र कुमार चंद्राकर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक दिलीप स्नेही, खेमलाल चौहान, गीता भास्कर तथा साइबर सेल सारंगढ़ से सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। थाना सरिया पुलिस की इस सफलता से स्पष्ट है कि जिले में नशा तस्करों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।





