सारंगढ़। जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर पीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा। विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सूरज तिवारी सहित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीएससी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पीएससी की परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। नेताओं का कहना है कि एक ही प्रश्न के सही और गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को समान अंक दिए गए, जबकि कुछ मामलों में गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को अधिक अंक मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने पीएससी साक्षात्कार में 1:3 के नियम का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी परीक्षा आयोजित करने का वादा किया था, लेकिन पिछले दो बार से पीएससी परीक्षाओं को लेकर विवाद और अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर भी सवाल उठाए और पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की।
‘सेवा संकल्प’ को लेकर भी साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रमों पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार के कार्यकाल को लेकर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों, नोटबंदी, जीएसटी और चुनावी वादों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए भाजपा पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार ने महंगाई कम करने, रोजगार उपलब्ध कराने, हर घर तक नल और आवास जैसी योजनाओं को लेकर कई वादे किए थे, लेकिन इन मुद्दों पर जनता को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने किसानों और बेरोजगार युवाओं से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं उनके भविष्य और करियर का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए पीएससी परीक्षा में किसी भी प्रकार की कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अभ्यर्थियों की शिकायतों का समाधान किया जाना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में विधायक उत्तरी जांगड़े, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय दुबे, सूरज तिवारी, गणपत जांगड़े, महामंत्री नीतिश बंजारे, नगरपालिका उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार, रविन्द्र, राधेश्याम, रमेश खुंटे, किशोर निराला, सतीश श्रीवास, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
- सारंगढ़:विश्वकर्मा जन्मोत्सव पर निशा स्टील में भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद… - September 17, 2026
- सारंगढ़:पीएससी विवाद पर कांग्रेस का हमला, बोली—युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे भाजपा… - September 17, 2026
