सारंगढ़। समाज सेवा के क्षेत्र में सेवा भारती संस्था पिछले लगभग 10 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों और बेसहारा परिवारों के जीवन में खुशियां बांटने का सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था लोगों से पुराने लेकिन उपयोगी कपड़े, चप्पल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री एकत्रित कर उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाती है, जिससे वे भी सम्मान और गरिमा के साथ जीवनयापन कर सकें।
समाजसेवी सतीश यादव ने बताया कि संस्था का उद्देश्य लोगों में सेवा और दान की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि घरों में उपयोग योग्य पड़े पुराने कपड़ों और अन्य वस्तुओं को फेंकने के बजाय जरूरतमंदों के लिए दान करना अधिक पुण्य का कार्य है। सेवा भारती इन वस्तुओं को संग्रहित कर गरीब एवं वंचित परिवारों तक पहुंचाती है।
उन्होंने बताया कि संस्था गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, भोजन, चप्पल, दवाइयां सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करती है। संस्था का मुख्य लक्ष्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
सेवा भारती लंबे समय से सारंगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य कर रही है। संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में सुरक्षित रखे उपयोग योग्य कपड़े, चप्पल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री दान कर इस मानवीय अभियान में सहभागी बनें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके।





