सारंगढ़। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना प्रभारी एनएल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाकर अवैध कच्ची महुआ शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UA 9688 पर सवार दो व्यक्ति उड़ीसा से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर ग्राम केनाभांठा एवं कर्राकोट क्षेत्र में बिक्री के लिए आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एनएल. राठिया ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर ग्राम कर्राकोट मेन रोड पर घेराबंदी एवं नाकाबंदी कर संदिग्धों को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सेतकुमार बरिहा (19 वर्ष) निवासी हट्टापाली, थाना डोंगरीपाली तथा सनुधर बरिहा (30 वर्ष) निवासी पिक्रीडारन, थाना अम्बाभौना, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के बीच रखी प्लास्टिक बोरी से 50 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपियों ने शराब का अवैध परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये मूल्य की 50 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा 15 हजार रुपये कीमत की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की। इस प्रकार कुल 25 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना में अपराध क्रमांक 171/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एनएल. राठिया, पीएसआई गजेन्द्र कुमार चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक मोहन लाल गुप्ता, अनिल साहू तथा आरक्षक दिगम्बर पटेल, लखेश्वर पुरसेट, गीता भास्कर, ताराचंद मिरेन्द्र, नर्मदा यादव एवं दिलीप साहा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सक्रियता एक बार फिर साबित हुई है।





