सारंगढ़। जिले में लगातार हो रही अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। खासकर ग्राम सोनबला (ग्राम पंचायत घोघरा) में बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश डंप किए जाने की शिकायतों के बाद सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे जिले में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
विधायक ने कलेक्टर को अवगत कराया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप की जा रही है। इससे किसानों की उपजाऊ भूमि की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, भूजल प्रदूषित होने का खतरा बढ़ रहा है तथा आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अपनी स्वच्छता, हरियाली और विकास के लिए जाना जाए, न कि अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग जैसी गतिविधियों के लिए।
श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने मांग की कि जिलेभर में हो रही अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी कंपनियों एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जिन स्थानों पर अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप की गई है, वहां से तत्काल उसे हटाया जाए।
विधायक की मांग पर जिला कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर रोक लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इधर, क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो जिले की कृषि व्यवस्था, पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को दीर्घकालिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर पूरी तरह रोक लगाकर जिले को प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग की है।





