सारंगढ़। नगर के वरिष्ठ भाजपा नेता, कुटेला पंचायत के सरपंच, पूर्व छात्र नेता एवं सांसद प्रतिनिधि अरुण (गुड्डू) यादव का शनिवार, 1 अगस्त 2026 को निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही सारंगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अरुण (गुड्डू) यादव बहुमुखी प्रतिभा, सरल एवं सहज व्यक्तित्व के धनी थे। छात्र जीवन से ही वे सक्रिय राजनीति में जुड़े रहे। वर्ष 1981 में कॉलेज अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने कुटेला पंचायत के सरपंच, वन संरक्षक तथा सांसद राधेश्याम राठिया के सांसद प्रतिनिधि के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। जनसेवा, सामाजिक सरोकार और मिलनसार स्वभाव के कारण वे सभी वर्गों में बेहद लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “अरुण गुड्डू भाजपा की उम्मीदों के बेताज बादशाह थे। उनका जाना पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।”
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि “अरुण गुड्डू भाजपा के सशक्त नेता, हमारे अग्रज और अत्यंत मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से भाजपा परिवार ने एक समर्पित कार्यकर्ता और लोकप्रिय नेता को खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।”
अरुण (गुड्डू) यादव के निधन पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

- सारंगढ़ के नन्हें हाथों में ‘आशीर्वाद का दीया’..जेन-अल्फा ने तोतली जुबां से मांगी प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की दुआ.. - September 17, 2026
- सारंगढ़ में 51 हजार दीपों से जगमगाया खाड़ाबन तालाब, मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में दिखा दीपोत्सव जैसा नजारा… - September 17, 2026
- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
