बिलाईगढ़। जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत नावापारा (ख) के आश्रित गांव देवरहा में विकास कार्यों की कछुआ चाल से ग्रामीणों और युवाओं का सब्र अब टूट चुका है। आजादी के दशकों बीत जाने के बाद भी गांव का एक बड़ा हिस्सा मूलभूत सुविधाओं से पूरी तरह वंचित है।

आक्रोशित ग्रामीणों और युवाओं ने एकजुट होकर बिलाईगढ़ विधायक और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा और त्वरित समाधान की मांग की।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 8 और 9 की बदहाली का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता मनहरण, सोनू और कृष्णा यादव ने ग्रामीणों का दर्द बयां करते हुए बताया कि वार्ड 8 और 9 में मुक्तिधाम न होने के कारण बारिश के दिनों में किसी का अंतिम संस्कार करना भारी मुसीबत बन जाता है। इसके अलावा पक्की सड़क न होने और कच्चे रास्तों पर मुरुम न बिछाए जाने से पूरा इलाका कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहता है। वहीं लंबे समय से नियमित सफाई न होने और डस्टबिन की व्यवस्था न होने के कारण गांव में गंदगी का आलम है, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे के साथ-साथ मौसमी बीमारियों का प्रकोप फैलने की गंभीर आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष वार्ड 8 व 9 में तत्काल मुक्तिधाम निर्माण, कच्चे रास्तों पर मुरुम बिछाकर पक्की सड़क का निर्माण, नियमित साफ-सफाई और डस्टबिन की व्यवस्था की प्रमुख मांगें रखी हैं। साथ ही युवाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से समय-समय पर गांव का दौरा कर जारी विकास कार्यों की जमीनी निगरानी करने की भी अपील की। ग्रामीणों के तीखे आक्रोश और समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधि एवं जनपद सीईओ ने मामले को संज्ञान में लिया। सीईओ ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया है।
- सारंगढ़ के नन्हें हाथों में ‘आशीर्वाद का दीया’..जेन-अल्फा ने तोतली जुबां से मांगी प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की दुआ.. - September 17, 2026
- सारंगढ़ में 51 हजार दीपों से जगमगाया खाड़ाबन तालाब, मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में दिखा दीपोत्सव जैसा नजारा… - September 17, 2026
- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
