सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में खाद्य एवं औषधि विभाग ने बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं खाद्य परिसरों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेहास्पद पाए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए, जहां उनकी गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का विक्रय सुनिश्चित करने की समझाइश दी। साथ ही आम नागरिकों को भी मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचने तथा जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के क्रम में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं एवं छोटे बच्चों को स्वच्छ, संतुलित और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा खान-पान से जुड़ी अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग से अपील की है कि मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े सभी महिला स्व-सहायता समूहों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक खाद्य पंजीयन कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके और पोषण निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
जांच अभियान में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल सहित विभागीय जांच दल के सदस्य उपस्थित रहे।

- साइकल की सौगात से बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान-संजय भूषण पाण्डेय - August 1, 2026
- सारंगढ़:खाद्य सुरक्षा पर सख्ती: दुकानों की जांच, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे… - August 1, 2026
- सारंगढ़:धरती को हराभरा बनाने मारवाड़ी महिला सम्मेलन का संकल्प, अशोका पब्लिक स्कूल में 20 पौधे रोपे… - August 1, 2026




