सारंगढ़। जिले के अपेक्स बैंक में किसानों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। बैंक परिसर में न तो वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था है, न ही ग्राहकों के बैठने की सुविधा और न ही धूप व बारिश से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके कारण बैंक पहुंचने वाले किसानों, विशेषकर बुजुर्गों और महिला किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि पैसा आहरण करने और नया खाता खुलवाने जैसे सामान्य कार्यों के लिए भी घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। वहीं शासन की एग्रीस्टेक योजना के तहत होने वाली प्रक्रियाओं के लिए किसानों को संबंधित सहकारी समितियों के भी चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जहां भी लंबी कतारें और अव्यवस्था बनी हुई है। इससे किसान खेती-किसानी का महत्वपूर्ण समय गंवा रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
इन समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में बैंक परिसर में पार्किंग, बैठने और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा एग्रीस्टेक से जुड़ी प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की मांग की गई।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रमेश खुटें, कैलाश सोनवानी, आकाश, शुभम बाजपेयी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसानों के हित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।





