रायगढ़, 25 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमएसपी प्लांट से करीब ₹14.22 लाख मूल्य के एमएस चैनल एवं एमएस बीम की सुनियोजित हेराफेरी का खुलासा किया है। चक्रधरनगर पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मामला 25 नवंबर 2025 का है, जब ट्रांसपोर्ट व्यवसायी ईश्वरी सिंह ने थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई कि एमएसपी प्लांट जामगांव से जमशेदपुर भेजा गया स्टील का माल अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी ड्राइवर, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस और दूसरे ट्रांसपोर्टर के वाहन नंबर का इस्तेमाल कर माल लोड कराया और रास्ते में उसे बेच दिया।
पुलिस की तकनीकी जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और लगातार पूछताछ के दौरान पत्थलगांव निवासी भगतपुरी गोस्वामी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि फर्जी नाम से काम करने वाले ड्राइवर, वाहन मालिक और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची गई थी। आरोपियों ने करीब 30 टन एमएस चैनल एवं एमएस बीम को गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय लगभग ₹7 लाख में बेच दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि खरीदा गया माल आगे धनबाद निवासी राजीव मल्लिक को बेच दिया गया। पुलिस अब राजीव मल्लिक और फर्जी ड्राइवर पुष पुरी गोस्वामी की तलाश में जुटी है। मामले में योजनाबद्ध अपराध और साक्ष्य मिटाने के प्रयास को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की अन्य धाराएं भी जोड़ दी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में भगतपुरी गोस्वामी (जशपुर), तसौवर अंसारी उर्फ शाहरूख (लोहरदगा), अभय कुमार रवानी एवं प्रेम कुमार रवानी (धनबाद) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस जटिल आर्थिक अपराध के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, एएसआई आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक बालचंद राव, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक अभिषेक द्विवेदी एवं आरक्षक विक्रम सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
इस कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। योजनाबद्ध अपराध करने वाले हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा, चाहे वह किसी भी राज्य या गिरोह से जुड़ा क्यों न हो।”

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
