सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जुलाई 2026। जिले को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रभावी प्रयास कर रहा है। ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत सक्षम और जिम्मेदार नागरिकों द्वारा छह माह तक प्रत्येक टीबी मरीज को 500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके पोषण और उपचार में सहयोग दिया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित अन्य अधिकारियों ने जून माह में तथा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने हाल ही में ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों को गोद लिया है। अधिकारियों की इस पहल से समाज में सकारात्मक संदेश गया है और अन्य लोगों को भी इस जनकल्याणकारी अभियान से जुड़ने की प्रेरणा मिल रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले के 301 टीबी मरीजों के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनाए जा चुके हैं। ये निक्षय मित्र मरीजों के उपचार के दौरान उनके पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता से टीबी मरीजों को समय पर पोषण सहायता मिलने से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की संभावना और अधिक बढ़ जाती है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के नेतृत्व में जिले में अधिक से अधिक लोगों को ‘निक्षय मित्र’ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के निर्देशन में टीबी नियंत्रण कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, नियमित जांच और आवश्यक पोषण सहायता समय पर उपलब्ध हो रही है।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्था या समाजसेवी ‘निक्षय मित्र’ बनकर किसी टीबी मरीज को गोद ले सकता है। इसके तहत मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रतिमाह पौष्टिक आहार किट और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने के साथ उपचार का बेहतर परिणाम मिलता है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में ‘निक्षय मित्र’ बनकर इस जनअभियान से जुड़ें और सारंगढ़-बिलाईगढ़ को टीबी मुक्त जिला बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।

- सारंगढ़:छात्रावासों पर कलेक्टर की सख्ती, सुरक्षा, अनुशासन और ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… - July 22, 2026
- सारंगढ़:देहदान कर मानवता की अमिट मिसाल छोड़ गए गणेश दास मानिकपुरी… - July 22, 2026
- सारंगढ़:1098 की गूंज हर गांव तक, बाल विवाह पर जीरो टॉलरेंस—कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश… - July 22, 2026




