सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जुलाई 2026। जिले में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर एवं जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन वात्सल्य तथा जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं, किशोर न्याय अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पॉक्सो मामलों की स्थिति, बाल विवाह रोकथाम तथा संकटग्रस्त बच्चों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी जरूरतमंद और संकटग्रस्त बच्चे की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अब तक प्राप्त प्रकरणों की जानकारी लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन नंबर 1098 का जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि हर जरूरतमंद बच्चे तक समय पर मदद पहुंच सके।
बैठक में जिले में पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में 23 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं। इस पर कलेक्टर ने सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिला बाल संरक्षण इकाई के रिक्त पदों पर भर्ती संबंधी एजेंडे पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत संचालित संस्थानों के नियमित निरीक्षण, उनके प्रभावी संचालन तथा बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बाल विवाह रोकथाम की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक तीन बाल विवाह की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में एक भी बाल विवाह नहीं होना चाहिए। उन्होंने जनजागरूकता अभियान तेज करने, ग्राम स्तर पर सतर्कता बढ़ाने तथा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम प्रसाद, नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के सीएमओ ज्ञान पुंज कुलमित्र, समाज कल्याण विभाग के विनय तिवारी, श्रम विभाग के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला बाल संरक्षण समिति के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:छात्रावासों पर कलेक्टर की सख्ती, सुरक्षा, अनुशासन और ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… - July 22, 2026
- सारंगढ़:देहदान कर मानवता की अमिट मिसाल छोड़ गए गणेश दास मानिकपुरी… - July 22, 2026
- सारंगढ़:1098 की गूंज हर गांव तक, बाल विवाह पर जीरो टॉलरेंस—कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश… - July 22, 2026




