सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जुलाई 2026। जिले के शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी आश्रम एवं छात्रावास अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन, सुरक्षा, स्वच्छता तथा ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावासों का संचालन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की देखभाल अभिभावक की तरह की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कन्या छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी गर्ल्स हॉस्टलों में सुरक्षा गार्ड की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने और सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू एवं कार्यशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में ऑनलाइन अटेंडेंस (चेक-इन एवं चेक-आउट) प्रणाली की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधीक्षकों को प्रतिदिन नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन छात्रावासों में नियमित अधीक्षक पदस्थ नहीं हैं, वहां नियुक्त प्रभारी अधीक्षकों को छात्रावास में ही निवास करते हुए विद्यार्थियों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रावास में दर्ज विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाए और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। छात्रावास परिसर की स्वच्छता, पौष्टिक भोजन, पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बिस्तर पर केवल एक ही छात्र सोए। जिन छात्रावासों में बिस्तरों की कमी है, वहां तत्काल अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं बालक छात्रावासों में विद्यार्थियों को नशा एवं तंबाकू सेवन से दूर रखने, नियमित निगरानी करने और अनुशासित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रावासों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित अधीक्षक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जोइधा राम डहरिया, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे सहित जिले के सभी शासकीय आश्रम एवं छात्रावासों के अधीक्षक और प्रभारी अधीक्षक उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:छात्रावासों पर कलेक्टर की सख्ती, सुरक्षा, अनुशासन और ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… - July 22, 2026
- सारंगढ़:देहदान कर मानवता की अमिट मिसाल छोड़ गए गणेश दास मानिकपुरी… - July 22, 2026
- सारंगढ़:1098 की गूंज हर गांव तक, बाल विवाह पर जीरो टॉलरेंस—कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश… - July 22, 2026




