सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में नई प्रशासनिक टीम के साथ शासन-प्रशासन की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संचारी रोगों की रोकथाम, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, नवीन कलेक्ट्रेट एवं जिला अस्पताल निर्माण, विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों के टेंडर, अपार आईडी, जाति प्रमाण पत्र तथा आधार अपडेट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी समय पर कार्यालय पहुंचें और अनिवार्य रूप से आधार आधारित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने विशेष रूप से जिला शिक्षा अधिकारी को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली को गंभीरता से अपनाना आवश्यक है, ताकि अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी भी समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यसंस्कृति का पालन करें।
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी (APAAR ID) तैयार कराई जाए, जिससे छात्रों के सभी महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप से सुरक्षित रह सकें। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की अद्यतन संख्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पीडीएस बारदानों के संग्रहण, उचित मूल्य दुकानों द्वारा शासकीय राशि समय पर जमा कराने तथा पुरगांव समिति में पाई गई अनियमितताओं पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया। बैठक में नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, पूर्व एसपी आंजनेय वार्ष्णेय एवं पूर्व जिला पंचायत सीईओ के स्थानांतरण के बाद जिले में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा और सीईओ ऋषिकेश तिवारी की नई प्रशासनिक टीम ने कार्यभार संभालते हुए विकास कार्यों और सुशासन को गति देने की दिशा में सक्रिय रूप से काम शुरू कर दिया है।


- एसपी सुनील शर्मा की अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति सफल, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की टीम ने चार माह पुराने लूटकांड के आरोपी को दबोचा… - July 21, 2026
- विश्वकर्मा योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की तत्परता से बड़ी सफलता… - July 21, 2026
- सारंगढ़:नई प्रशासनिक टीम एक्शन मोड में, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिए सख्त निर्देश… - July 21, 2026




