सारंगढ़। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी के अंतरजिला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। थाना प्रभारी की सूझबूझ, त्वरित कार्रवाई और सटीक रणनीति के चलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 65 ग्राम अवैध गांजा, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल एवं 3 मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 23 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

मुखबिर की सूचना पर तत्काल बनाई गई रणनीति
19 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के भुक्ता क्षेत्र से दो युवक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 11 BR 4766) में गांजा लेकर कंचनपुर-सरिया मार्ग होते हुए कोरबा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर थाना के सामने सड़क पर घेराबंदी एवं नाकाबंदी कराई।
भागने का प्रयास हुआ नाकाम
कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक आते दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक भागने लगे, लेकिन थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान धीरज देवांगन उर्फ जितेन्द्र (23 वर्ष) एवं सूरज देवांगन (31 वर्ष) निवासी चाम्पा के रूप में हुई।
पूछताछ में खुला तस्करी का पूरा नेटवर्क
तलाशी के दौरान बाइक की सीट के बीच रखे पीले प्लास्टिक बैग से 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 3 किलो 65 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा उड़ीसा के भुक्ता निवासी भोलानाथ साह से अनिता मंडल, निवासी जलगांव (कोरबा), के कहने पर 21 हजार रुपये में खरीदा गया था। पुलिस ने जांच के आधार पर अनिता मंडल को भी मामले में आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 3 किलो 65 ग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा 3 मोबाइल फोन जब्त कर कुल 1,23,000 रुपये का मशरूका बरामद किया। मामले में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में सउनि सुमन कुमार चौहान, सउनि कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, प्रधान आरक्षक अनिल साहू, प्रधान आरक्षक मोहनलाल गुप्ता, आरक्षक दिलीप स्नेही, श्रवण टंडन, खेमलाल चौहान, ताराचंद मिरेन्द्र, मुकेश कश्यप, सुरेन्द्र पटेल, दिगम्बर पटेल तथा महिला आरक्षक सविता यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया की सक्रियता, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी नेतृत्व के चलते गांजा तस्करों पर यह कार्रवाई पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार हो रही ऐसी सख्त कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप का माहौल है।
- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से कंप्यूटर ऑपरेटरों को बड़ी राहत: 10 साल की सेवा के बाद छंटनी और वेतन रोकने पर केंद्र-राज्य को निर्देश… - July 21, 2026
- सर्पदंश मुआवजा घोटाला: 17.24 करोड़ के बंदरबांट पर बड़ा एक्शन, 14 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज… - July 21, 2026
- छत्तीसगढ़:मिलकर उठाते हैं खर्च, पूरा गांव बनता है बाराती, अच्छी बारिश के लिए अनोखी शादी, लकड़ी के बनते है दूल्हा-दुल्हन… - July 21, 2026




