सारंगढ़। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक प्रेस वार्ता आयोजित कर पुलिस और मीडिया के बीच मजबूत समन्वय की नई पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पुलिस, पत्रकार और संभ्रांत नागरिक समाज लोकतंत्र के ऐसे तीन महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके आपसी सहयोग, विश्वास और सतत संवाद से अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण भी स्थापित करना है।
मुख्य बातें एक नजर में…

पुलिस–मीडिया समन्वय को मिलेगा नया आयाम
त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए पुलिस, पत्रकारों एवं प्रशासन के बीच एक विशेष समन्वय समूह बनाया जाएगा।
इस समूह के माध्यम से अपराध, कानून व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े मामलों में तत्काल संवाद स्थापित किया जाएगा।
व्हाट्सएप से सीधे पुलिस तक पहुंचेगी सूचना
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध, अवैध कारोबार या असामाजिक तत्वों की जानकारी आम नागरिक सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
प्राप्त सूचना पर तत्काल सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
एसपी सुनील शर्मा ने पुलिस विभाग के ‘समाधान ऐप’ की जानकारी देते हुए बताया कि इससे आम लोगों की शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जा सकेगा।
जिले में आने वाले अप्रवासी व्यक्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड रखने वाले ऐप की भी जानकारी दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
जनसहयोग को बताया सबसे बड़ी ताकत
एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक की भी भूमिका महत्वपूर्ण है।
जनता, मीडिया और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी संभव होगी।
पत्रकारों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे—
रात्रिकालीन पुलिस गश्त को और प्रभावी एवं नियमित बनाया जाए।
होटलों, लॉज एवं किरायेदारों के मुसाफिरी पंजी का नियमित सत्यापन किया जाए।
माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों का सत्यापन एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए।
तेज रफ्तार एवं स्टंट करने वाले बाइक चालकों पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए।
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ, सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए।
हेलमेट की अनिवार्यता को सख्ती से लागू किया जाए।
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएं।
हर सुझाव पर होगी गंभीर कार्रवाई
एसपी सुनील शर्मा ने पत्रकारों द्वारा दिए गए सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक सुझाव जनहित से जुड़ा है और उन पर गंभीरता से अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। पुलिस विभाग जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में निरंतर प्रयास करेगा।
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू सहित जिले भर के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से कंप्यूटर ऑपरेटरों को बड़ी राहत: 10 साल की सेवा के बाद छंटनी और वेतन रोकने पर केंद्र-राज्य को निर्देश… - July 21, 2026
- सर्पदंश मुआवजा घोटाला: 17.24 करोड़ के बंदरबांट पर बड़ा एक्शन, 14 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज… - July 21, 2026
- छत्तीसगढ़:मिलकर उठाते हैं खर्च, पूरा गांव बनता है बाराती, अच्छी बारिश के लिए अनोखी शादी, लकड़ी के बनते है दूल्हा-दुल्हन… - July 21, 2026




