सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जुलाई 2026। जिले में बारिश के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू शनिवार को स्वयं फील्ड में उतरीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सारंगढ़ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत निर्माणाधीन कम्पोजिट बिल्डिंग के निरीक्षण से हुई, जहां विभिन्न विभागों के कार्यालयों के लिए कक्ष आवंटन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसके बाद कलेक्टर कुटेला मार्ग पहुंचीं, जहां नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों का मौके पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क के शोल्डर और पीचिंग कार्य अधूरे पाए जाने पर उन्होंने नगरपालिका सीएमओ को ठेकेदार से शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शहर के मुड़ा तालाब में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। यहां तालाब तट पर पीचिंग कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि गार्डन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा तुर्की तालाब में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से चल रहे उन्नयन कार्य तथा तिवारी तालाब के विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने काली मंदिर घोघरा नाला क्षेत्र में आपदा राहत कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने घोघरा नाला से रेंजरपारा पुल तक दोनों तटों पर समग्र विकास कार्यों के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश नगरपालिका सीएमओ को दिए, ताकि भविष्य में जलभराव और अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके।
इसके बाद टीम ने बस स्टैंड सारंगढ़ और रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स के बीच स्थित स्थल का निरीक्षण किया, जहां लगभग 50 लाख रुपये की लागत से बस स्टैंड के विस्तार एवं उन्नयन का कार्य प्रस्तावित है। कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ कार्य योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि इस परियोजना से यात्रियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने बावाकुटी क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही से चर्चा कर निर्माण कार्य की प्रगति और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा समय पर आवास पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, एसडीएम उमेश कुमार साहू, गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल, पार्षदगण, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पी.एल. पैकरा, नगरपालिका सीएमओ ज्ञान पुंज कुलमित्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर के इस सघन दौरे से शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

- सारंगढ़:बरसात में एक्शन मोड में कलेक्टर, शहर की सड़कों, तालाबों और विकास कार्यों का किया निरीक्षण… - July 18, 2026
- रायगढ़:क्विज़ प्रतियोगिता में चमके नन्हे प्रतिभागी, एसडीओपी ने बढ़ाया उत्साह… - July 18, 2026
- रायगढ़:दो बार नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल… - July 18, 2026




