रायगढ़/रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुराग और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से महज कुछ दिनों में इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान ने सूचना दी कि उसके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में पड़ा है। शव के पास खून से सना भारी शील पत्थर मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका के बाद थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। पोस्टमार्टम के साथ मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें आरोपी का गमछा भी शामिल था, जब्त किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वाड की सहायता ली। डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत के साथ पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर कई लोगों के बीच से मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की पहचान की। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।
पुलिस जांच में भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम भकुर्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने साक्ष्य आधारित विवेचना से इस मामले का त्वरित खुलासा किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उनकी टीम तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सराहना करते हुए एसएसपी ने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- छत्तीसगढ़ के इस जिले में रथ यात्रा के समय पुराने होटल का भवन गिरा, नौ लोग घायल…. - July 17, 2026
- छत्तीसगढ़: कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित ने 12 छात्रों को काटा, बच्चा स्वस्थ; डॉक्टर जता रहे शरारत की आशंका…. - July 17, 2026
- रायगढ़:शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ने शील पत्थर से उतारा मौत के घाट… - July 17, 2026




