सारंगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में ए.एन.टी.एफ. (ANTF) और थाना सरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सरिया की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और टीम की मुस्तैदी के चलते ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जाई जा रही गांजे की खेप को रास्ते में ही पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को ए.एन.टी.एफ. एवं थाना सरिया पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के बोनट के अंदर विशेष तरीके से बांधकर रखे गए 10 पैकेटों में कुल 10.761 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। पुलिस के मुताबिक जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹8,26,500 है।

ओडिशा से प्रयागराज तक तस्करी का था प्लान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के सरिया मार्ग से होते हुए प्रयागराज, उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करों का यह नेटवर्क अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32), सभी निवासी थाना/जिला बरगढ़, ओडिशा के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी की मुस्तैदी बनी कार्रवाई की बड़ी वजह
सरिया क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी सतर्कता का परिणाम रहा कि पुलिस ने तस्करों को बीच रास्ते में ही दबोच लिया। थाना प्रभारी सरिया और उनकी टीम की तत्परता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को मजबूती मिली है। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस के कुशल मार्गदर्शन में ए.एन.टी.एफ. एवं थाना सरिया पुलिस द्वारा की गई।
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
