रायगढ़, 15 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी सक्रियता का परिचय दिया।
पुलिस के अनुसार, भरत सिंह ध्रुव (24 वर्ष) निवासी ईतवारी बाजार, बड़पारा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 13 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे वह बड़पारा स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद बिट्टू सारथी, अज्जू बनसदा और आकाश चौहान ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मुक्का-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 373/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में आकाश चौहान (19 वर्ष), अज्जू बनसदा (35 वर्ष) एवं बिट्टू सारथी (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में तीनों आरोपियों की झगड़ा-विवाद करने की प्रवृत्ति सामने आने पर पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट और आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।





