सारंगढ़। ग्राम पंचायत ग्वालिनडीह की महिलाओं और ग्रामीणों ने थाना सारंगढ़ में शिकायत देकर छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधारक समिति एवं नारी रक्षा सम्मान निधि योजना से जुड़े पदाधिकारियों पर जमा राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि संस्था से जुड़े दिनेश बंजारे, उत्तम बंजारे तथा उनके सहयोगियों ने महिलाओं को विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ऋण लेकर और धान बिक्री से प्राप्त राशि संस्था में जमा कराने के लिए प्रेरित किया। बदले में जमा रकम का दोगुना लौटाने तथा संस्था को शासन से मान्यता प्राप्त होने का दावा किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि भरोसा कर महिलाओं ने माइक्रो फाइनेंस की किस्तों से मिली राशि और अपनी नकद बचत संस्था के पदाधिकारियों को सौंप दी, लेकिन अब न तो राशि वापस की जा रही है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। शिकायत में दिनेश बंजारे, उत्तम बंजारे, अजय लक्ष्मे एवं एक अन्य सहयोगी के नाम का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर जमा की गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

- सारंगढ़:दोगुनी रकम का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, ग्रामीण महिलाओं ने थाना पहुंचकर लगाई गुहार… - July 13, 2026
- खनन पर विधानसभा में गूंजा सारंगढ़, चूना पत्थर खदानों से कई गांव और शहर के वार्ड होंगे प्रभावित… - July 13, 2026
- सारंगढ़:बीज उत्सव में हरियाली का संकल्प, जनभागीदारी से गूंजा गोड़म… - July 13, 2026


