सारंगढ़, 13 जुलाई 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिला चिकित्सालय ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार हार्नियोप्लास्टी (Hernioplasty) का सफल ऑपरेशन कर नया अध्याय जोड़ दिया।
यह जटिल सर्जरी अस्पताल के वरिष्ठ सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. राकेश साहू एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन पूरी सावधानी और आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप किया गया। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और चिकित्सकों की निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में इस प्रकार की विशेषज्ञता वाली सर्जरी की शुरुआत जिले के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य है कि दूर-दराज के मरीजों को भी उच्च स्तरीय उपचार स्थानीय स्तर पर ही निशुल्क उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े।
जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने भी इस सफलता पर जिला चिकित्सालय की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और संसाधनों के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिला चिकित्सालय में कई नई स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होंगी, जिससे जिले के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज अपने ही जिले में उपलब्ध होगा।
13 जुलाई 2026 को संपन्न हुए इस पहले हार्नियोप्लास्टी ऑपरेशन में डॉ. राकेश साहू के साथ एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ तथा ऑपरेशन थिएटर (ओटी) तकनीशियनों की टीम ने उत्कृष्ट समन्वय और दक्षता का परिचय दिया। पूरी टीम की मेहनत और तत्परता से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस उपलब्धि के बाद अब सारंगढ़ जिले के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को हार्निया के ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों या महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला चिकित्सालय में ही बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार मिलने से मरीजों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे। इस उल्लेखनीय सफलता पर अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पूरी मेडिकल टीम की सराहना करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।


- सारंगढ़:दोगुनी रकम का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, ग्रामीण महिलाओं ने थाना पहुंचकर लगाई गुहार… - July 13, 2026
- खनन पर विधानसभा में गूंजा सारंगढ़, चूना पत्थर खदानों से कई गांव और शहर के वार्ड होंगे प्रभावित… - July 13, 2026
- सारंगढ़:बीज उत्सव में हरियाली का संकल्प, जनभागीदारी से गूंजा गोड़म… - July 13, 2026


