सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना भटगांव क्षेत्र के ग्राम जूनवानी में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने बेहद कम समय में सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना भटगांव पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामले के अनुसार ग्राम जूनवानी निवासी बलेश्वर टंडन ने सूचना दी कि उसके पिता तुलसीदास टंडन तिल की बोआई के लिए खेत गए थे, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। तलाश करने पर उनका शव खेत में मिला। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा सीने में गैंती धंसी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक और पड़ोसी सकराम उर्फ बजरंग कुर्रे (67 वर्ष) के बीच खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गवाहों की मौजूदगी में लिए गए मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि विवाद के दौरान पहले डंडे से हमला किया, जिससे मृतक खेत में गिर पड़ा। इसके बाद मृतक के हाथ से छूटी गैंती उठाकर उसके सीने में वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने डंडे के टुकड़े को जल जीवन मिशन की पानी टंकी के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया।
साक्ष्यों एवं आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर 13 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व के साथ उप निरीक्षक बलीराम निराला, कृष्ण कुमार टंडन, पीएसआई नवीन ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, मोहन बजाज, आरक्षक राहुल खूंटे, जितेंद्र टंडन, घनश्याम डड़सेना, अनिल कपूर, कमल कुर्रे, प्रत्येन बर्मन, महिला आरक्षक मोहन कुमारी, रीना बघेल सहित थाना भटगांव के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ।

- सारंगढ़:थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की सूझबूझ से अंधे कत्ल का पर्दाफाश, 24 घंटे के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे… - July 13, 2026
- स्वच्छता की मिसाल बना शक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र… - July 13, 2026
- IND vs ENG: टी20 में नाक कटाने के बाद ये 8 खिलाड़ी वनडे टीम का भी हिस्सा, देखें पूरी लिस्ट… - July 13, 2026


