सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा का पुलिस सेवा का अनुभव, सख्त कार्यशैली और नक्सल विरोधी अभियानों में उनकी उल्लेखनीय भूमिका उन्हें एक सक्षम एवं प्रभावी अधिकारी के रूप में पहचान दिलाती है।
सुनील शर्मा ने 18 दिसंबर 2017 को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) ज्वाइन की। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ। अपने सेवाकाल में उन्होंने राजधानी रायपुर में आजाद चौक सीएसपी, सरगुजा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), सुकमा जिले में पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय रायपुर में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) तथा सरगुजा जिले के एसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से उनका जुड़ाव पहले भी रहा है। तत्कालीन एसपी पुष्कर शर्मा के अवकाश पर रहने के दौरान सुनील शर्मा ने लगभग एक सप्ताह तक जिले के पुलिस अधीक्षक का प्रभार संभालकर प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था।
नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में उनकी कार्यशैली विशेष रूप से चर्चा में रही। पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर बस्ता भीमा के विरुद्ध चलाए गए सफल ऑपरेशन और एनकाउंटर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर उन्हें सीआरपीएफ डीजी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया गया।
वर्तमान में सुनील शर्मा को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का एडीसी (परिसहाय) नियुक्त किया गया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लोगों को उम्मीद है कि उनके अनुभव, अनुशासन और प्रभावी नेतृत्व का लाभ जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मिलेगा।



