सारंगढ़। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की पढ़ाई को आसान बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में सरस्वती निःशुल्क सायकल वितरण योजना के तहत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि जीवन संघर्ष और चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन शिक्षा, मेहनत, संघर्ष और समय प्रबंधन के माध्यम से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसा सशक्त अस्त्र है, जो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर सुरक्षित और सुनहरे भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक बेटियां स्कूल आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ देती हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए सरकार सरस्वती निःशुल्क सायकल योजना के माध्यम से छात्राओं को साइकिल उपलब्ध करा रही है, ताकि उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके।
जिपं अध्यक्ष ने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को साकार करने और भविष्य में जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य एल.पी. पटेल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।


- सारंगढ़:एनएसएस में सानिया की बड़ी उपलब्धि, सी सर्टिफिकेट से बढ़ाया सारंगढ़ का मान… - July 11, 2026
- सारंगढ़:नए एसपी सुनील शर्मा: बहादुरी, अनुभव और नेतृत्व की नई पहचान… - July 11, 2026
- सारंगढ़:साइकिल के साथ बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान, जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बांटी खुशियां… - July 11, 2026


