सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों और ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े को ज्ञापन सौंपा। संघ ने शासन से कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मामलों में शीघ्र निर्णय लेने और लंबित समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता प्रदान करने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने, अनुकंपा नियुक्तियों में तेजी लाने, शिक्षकों की सेवा गणना में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयकों का भुगतान करने तथा विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रमुख मांगें शामिल रहीं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और शासकीय कार्यों के संचालन में भी अधिक प्रभावशीलता आएगी।
विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष फकीरा यादव, जिला कार्यकारी अध्यक्ष लोकेन्द्रनाथ पटेल, झनक राम बंजारे, सुखराम अजय, संभागीय उपाध्यक्ष नंद कुमार बंजारे, पेंशनर जिला अध्यक्ष थानेश्वर चंद्रा, भुनेश्वर गोपाल, महामंत्री संदीप मिंज, गजेंद्र चौहान, जिला महिला प्रवक्ता कामिनी डनसेना, कोषाध्यक्ष विनोद महेश, उषा बंजारे, उषा वर्मन, नेहा सिंह राजपूत, पूजा अकेला सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने शासन से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की।

- सारंगढ़:एनएसएस में सानिया की बड़ी उपलब्धि, सी सर्टिफिकेट से बढ़ाया सारंगढ़ का मान… - July 11, 2026
- सारंगढ़:नए एसपी सुनील शर्मा: बहादुरी, अनुभव और नेतृत्व की नई पहचान… - July 11, 2026
- सारंगढ़:साइकिल के साथ बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान, जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बांटी खुशियां… - July 11, 2026


