सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026। जिले में ग्रामीण स्वच्छता को नई मजबूती देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते हुए विकासखंड बिलाईगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 423 व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों के निर्माण के लिए 50.76 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। यह स्वीकृति स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से पात्र परिवारों को घर-घर शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा, ग्रामीणों के स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही जिले को खुले में शौच से मुक्त बनाए रखने के अभियान को भी नई गति मिलेगी।
जिला प्रशासन ने जनपद पंचायत बिलाईगढ़ एवं संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्यों का शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। शौचालय निर्माण पूर्ण होने तथा जियो टैगिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक पात्र हितग्राही को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे शौचालय निर्माण कार्य में सक्रिय सहयोग करें, ताकि जिले में स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त जनआवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदान करना स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल माना जा रहा है।

- छत्तीसगढ़ के इस जिले में रथ यात्रा के समय पुराने होटल का भवन गिरा, नौ लोग घायल…. - July 17, 2026
- छत्तीसगढ़: कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित ने 12 छात्रों को काटा, बच्चा स्वस्थ; डॉक्टर जता रहे शरारत की आशंका…. - July 17, 2026
- रायगढ़:शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ने शील पत्थर से उतारा मौत के घाट… - July 17, 2026




