सारंगढ़-बिलाईगढ़। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और विद्यालय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिण्डरी में कक्षा 9वीं की 22 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने नियमित रूप से विद्यालय आने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री दीनानाथ खुंटे ने छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री उमाशंकर पटेल ने कहा कि दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं के लिए यह योजना बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। साइकिल मिलने से उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षक श्री राजू बरेठ, संरक्षक श्री विशाल कुर्रे, श्री प्रेमलाल बसंत, श्री रामलाल वारे, श्री नरसिंह महेश, श्री रोहित बसंत एवं श्री रामगुलाल साहू सहित विद्यालय परिवार, शाला विकास समिति के सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और छात्राओं ने शासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

- छत्तीसगढ़ के इस जिले में रथ यात्रा के समय पुराने होटल का भवन गिरा, नौ लोग घायल…. - July 17, 2026
- छत्तीसगढ़: कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित ने 12 छात्रों को काटा, बच्चा स्वस्थ; डॉक्टर जता रहे शरारत की आशंका…. - July 17, 2026
- रायगढ़:शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ने शील पत्थर से उतारा मौत के घाट… - July 17, 2026




