सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव के निर्देशन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत एक और प्रेरणादायक सफलता सामने आई है। जन्मजात श्रवण बाधित एक मासूम बच्ची का छह लाख रुपये की लागत से सफल कोक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन कर उसे सामान्य जीवन की नई उम्मीद मिली है।
सरिया क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र लुकापारा-2 में पंजीकृत 2 वर्ष 6 माह की बालिका जन्म से ही सुन नहीं पाती थी। उसके पिता नरेंद्र प्रधान खेती-किसानी के साथ मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण इतने महंगे इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए संभव नहीं था।
इसी दौरान चिरायु टीम बरमकेला ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्ची की पहचान की। आवश्यक जांच और विशेषज्ञों की सलाह के बाद उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया। उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक रोशन सचदेव के समन्वय से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई, जिससे परिवार को इलाज के लिए कोई आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा।
एम्स रायपुर में 4 जुलाई 2026 को बच्ची की सफल कोक्लियर इम्प्लांट सर्जरी की गई। इस ऑपरेशन के बाद अब उसके सुनने और भविष्य में बोलने की क्षमता विकसित होने की नई उम्मीद जगी है। चिकित्सकों के अनुसार उचित थेरेपी और नियमित फॉलोअप से वह सामान्य बच्चों की तरह शिक्षा प्राप्त कर सकेगी और अपने जीवन को नई दिशा दे पाएगी।
यह सफलता चिरायु टीम बरमकेला की सतर्कता, समय पर पहचान, बेहतर समन्वय और समर्पित कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल ने न केवल एक मासूम बच्ची के जीवन में नई रोशनी लाई है, बल्कि यह भी साबित किया है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं, ताकि जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान कर उनका निःशुल्क एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
