सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और अंतरराज्यीय तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी।
पुलिस ने बुधवार को जिले के सरसीवा, भटगांव और डोंगरीपाली थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 5 अलग-अलग मामलों में कुल 36 लीटर महुआ एवं विदेशी शराब बरामद की गई। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब या मादक पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।






