सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ थाना भटगांव पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब के साथ एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव के वार्ड क्रमांक 9 में रहने वाली ज्योति धीवर अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब छिपाकर रखी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने तत्काल पुलिस टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी ज्योति धीवर (32 वर्ष), पति स्वर्गीय राजकुमार धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 9, भटगांव के कब्जे से 09 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1,800 रुपये है, बरामद कर गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्त किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक शिव कुमार धारी के साथ सहायक उप निरीक्षक बली राम निराला, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक कमल कुर्रे, महिला आरक्षक मोहन कुमारी सहित थाना भटगांव के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की सक्रिय कार्यशैली और अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के चलते भटगांव क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। उनकी अगुवाई में पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है, वहीं अवैध कारोबार करने वालों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।



