सारंगढ़। गोमर्दा अभ्यारण्य क्षेत्र के ग्राम रामटेक में मंगलवार सुबह भालू के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने लोगों से जंगल के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामटेक निवासी नारायण सिदार (40 वर्ष) मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले में नारायण सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने घायल नारायण सिदार को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनकबीरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग ने घायल को तत्काल राहत के रूप में 2,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही आवश्यक एंटी-रेबीज एवं अन्य टीके लगवाने के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ रेफर किया गया।
घटना के बाद रामटेक और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम जंगल एवं उससे लगे क्षेत्रों में अकेले न जाएं, समूह में निकलें तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
