सारंगढ़-बिलाईगढ़।
प्रशासनिक आदेशों को हल्के में लेना एक शासकीय स्कूल के प्राचार्य को भारी पड़ता नजर आ रहा है। कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छ.ग.) द्वारा आदेश की अवहेलना करने के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पी.एम. श्री सेजेस सारंगढ़ के प्राचार्य श्री लक्ष्मी प्रसाद पटेल को एक कड़ा ‘कारण बताओ सूचना’ जारी किया गया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी इस नोटिस में प्राचार्य को तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का अल्टीमेटम दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल के विरुद्ध एक विभागीय जांच चल रही है। जांच पूर्ण होने तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उनके संलग्नीकरण को यथावत रखते हुए, उन्हें शासकीय हाई स्कूल, दानसरा विकासखण्ड सारंगढ़ में संलग्न होने का आदेश 19 जून 2026 को जारी किया गया था।
लेकिन, कलेक्टर कार्यालय के संज्ञान में आया है कि प्राचार्य ने आज दिनांक तक इस आदेश का पालन नहीं किया है और न ही उन्होंने दानसरा स्कूल में अपना कार्यभार ग्रहण किया है।
प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था हो रही बाधित
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि प्राचार्य द्वारा आदेश की अवहेलना किए जाने के कारण दोहरी समस्याएं खड़ी हो रही हैं।
एक तरफ जहां उनके खिलाफ चल रही प्रचलित जांच का कार्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं दूसरी ओर संबंधित विद्यालय (दानसरा हाई स्कूल) की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां भी पूरी तरह बाधित हो रही हैं।
कलेक्टर का सख्त निर्देश-
“इस सूचना के प्राप्त होते ही तत्काल शासकीय हाई स्कूल, दानसरा में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। साथ ही आदेश का पालन न किए जाने के संबंध में अपना स्पष्ट एवं तथ्यपरक लिखित स्पष्टीकरण 03 (तीनों) दिवस के भीतर इस कार्यालय में प्रस्तुत करें।”
कार्रवाई की लटकी तलवार-
प्रशासन ने इस मामले में कड़े तेवर दिखाए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयावधि (3 दिन) के भीतर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है या आदेश का पालन नहीं किया जाता, तो यह माना जाएगा कि प्राचार्य को इस संबंध में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष शासकीय आदेशों की अवहेलना और घोर अनुशासनहीनता के आधार पर प्रचलित नियमों के अंतर्गत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेज दिया जाएगा, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
- सारंगढ़ में 1500 डायलिसिस का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, मरीजों को मिली नई जिंदगी… - July 7, 2026
- बिलो रेट’ के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल बंद करे सरकार -बिनोद भारद्वाज ‘कम दाम में घटिया काम’ मामले पर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र.. - July 7, 2026
- प्राचार्य एल पी पटेल को ‘कारण बताओ’ नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब..दानसरा हाई स्कूल में ज्वाइन न करने और जांच को प्रभावित करने का आरोप..अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी.. - July 7, 2026


