छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की रायपुर जिला शाखा ने प्रदेश के पेंशनरों और परिवार पेंशनरों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

एसोसिएशन ने सांसद से आग्रह किया कि इन मांगों पर सकारात्मक अनुशंसा करते हुए ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि जल्द समाधान हो सके।
महंगाई राहत, कैशलेस इलाज और एरियर भुगतान प्रमुख मांगें
जिलाध्यक्ष पंकज नायक ने बताया कि राज्य के एक लाख से अधिक पेंशनर कई वर्षों से अपनी न्यायोचित मांगों के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग महंगाई राहत का भुगतान देय तिथि से करने की है। एसोसिएशन का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में मध्यप्रदेश की सहमति पर निर्भरता के कारण छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को महंगाई राहत समय पर नहीं मिल पाती।
इसके अलावा पेंशनरों और परिवार पेंशनरों के लिए अलग से कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, 80 वर्ष की जगह 70 वर्ष की आयु से अतिरिक्त 20 प्रतिशत पेंशन देने, छठवें और सातवें वेतनमान के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने की भी मांग रखी गई।
तीर्थ यात्रा योजना और पेंशनर्स भवन की भी उठी मांग
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ पेंशनरों तक बढ़ाने, राज्य पेंशनर्स कल्याण मंडल का शीघ्र पुनर्गठन करने तथा सभी जिला मुख्यालयों में पेंशनर्स भवन (सियान सदन) के निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना है कि इससे वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक, सांस्कृतिक और कल्याणकारी गतिविधियों को बेहतर मंच मिलेगा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान सचिव बेनी राम गायकवाड़, प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, प्रांतीय सचिव सी.एल. दुबे, कोषाध्यक्ष बी.पी. कुरील, सलाहकार राकेश त्रिवेदी, केदारनाथ अग्रवाल, वाय.आर. सोनी, संभागीय अध्यक्ष विमल कुंडू सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
