सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 जुलाई 2026। जिले के सारंगढ़ अंचल के ग्राम बँधापाली के एक युवक को रविवार दोपहर साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाने की कोशिश की। ठग ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताते हुए बैकग्राउंड में पुलिस का माहौल तैयार किया और यूट्यूब से कथित अश्लील फोटो-वीडियो हटाने के नाम पर पैसे की मांग की। हालांकि युवक की सतर्कता और सही समय पर मिली सलाह से वह ठगी का शिकार होने से बच गया।
युवक ने पूरे मामले की जानकारी अपने सहपाठी एवं जनसंपर्क अधिकारी को दी। उसने बताया कि उसने पहले जनसंपर्क अधिकारी के व्हाट्सएप स्टेटस पर इस तरह की फर्जी साइबर ठगी से जुड़ी जानकारी देखी थी, इसलिए उसने तुरंत उनसे संपर्क किया। जनसंपर्क अधिकारी ने युवक को समझाया कि यह पूरी तरह साइबर ठगों की चाल है। उन्होंने ऐसे नंबरों को तुरंत ब्लॉक करने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। समय रहते मिली इस समझाइश से युवक आर्थिक नुकसान से बच गया।

एपीके फाइल भेजकर भी ठग बना रहे निशाना
साइबर अपराधी इन दिनों फर्जी आरटीओ ई-चालान, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि सूची जैसे संदेश व्हाट्सएप पर भेजकर लोगों को एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी खतरे में पड़ जाती है और खाते से रकम उड़ाई जा सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें। यदि ई-चालान की जानकारी लेनी हो तो केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही उसकी जांच और भुगतान करें। पुलिस और परिवहन विभाग ई-चालान की सूचना केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आधिकारिक माध्यम से भेजते हैं, किसी संदिग्ध लिंक के जरिए नहीं।
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, किसी भी अजनबी को ऑनलाइन भुगतान न करने, संदिग्ध कॉल या संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
- थाना प्रभारी की पैनी नजर, चोरी का पर्दाफाश… तीन आरोपी सलाखों के पीछे… - August 25, 2026
- सारंगढ़:सर्पदंश पीड़ित परिवार को राहत, 4 लाख की सहायता मंजूर… - August 25, 2026
- हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मनपसार, 20 किमी की भव्य कांवड़ यात्रा… - August 25, 2026
