सरसीवां। नगर पंचायत सरसीवां में सद्गुरु कबीर साहब का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मानिकपुरी समाज के नवनिर्मित समाज भवन का भव्य लोकार्पण भी किया गया। सरायपाली रोड स्थित यह भवन समाज की एकता, सहयोग और वर्षों की मेहनत का प्रतीक बनकर सामने आया।
बताया गया कि समाज के तत्कालीन पदाधिकारियों ने लगभग 25 वर्ष पूर्व समाज की राशि से इस भूमि का क्रय किया था। इसके बाद समाज के लोगों के आर्थिक सहयोग और सामूहिक प्रयास से भवन का निर्माण पूर्ण हुआ। वर्षों से संजोया गया यह सपना आखिरकार साकार होने पर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष जालान रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कबीरदास साहेब, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नारायण साई, मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह दीक्षित, ओबीसी मोर्चा प्रभारी सीताराम लहरे सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने भवन का लोकार्पण कर समाज को शुभकामनाएं दीं और इसे सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
कार्यक्रम में मान सागर महंत, भोजराम मानिकपुरी, जिलाध्यक्ष लखेश्वर मानिकपुरी, साधुराम मानिकपुरी, शंकर मानिकपुरी, प्रहलाद, गोविंद मानिकपुरी, लोहन मानिकपुरी, माठोंराम मानिकपुरी, ललित मानिकपुरी, पवन मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला शक्ति की ओर से चंचल दाई, बमज दाई, जगदीश दाई, आनंद दाई, तारा दाई, देव दीवान, मूरत दाई, परमित दाई सहित अनेक मातृशक्तियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने समाज भवन निर्माण में सहयोग देने वाले प्रत्येक सदस्य का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकजुटता और सहयोग की भावना की सराहना की। कबीर साहब के बताए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प भी कार्यक्रम में दोहराया गया।




