सारंगढ़। नगर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और लगातार सामने आ रही कुत्ते के काटने की घटनाओं को देखते हुए नगर पालिका सारंगढ़ ने धरपकड़ अभियान शुरू कर दिया है। बस स्टेशन, बीरपारा, नंदा चौक, बिलासपुर रोड, अस्पताल रोड और मछली पसरा क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
बताया जा रहा है कि इन क्षेत्रों में कई लोगों को आवारा कुत्तों ने काट लिया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष कुत्ता पकड़ू दल का गठन किया है।
अभियान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरज सिदार स्वयं टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। सोमवार सुबह करीब 7:43 बजे बीरपारा क्षेत्र में टीम ने जाल की मदद से एक आवारा कुत्ते को पकड़ा। इसके बाद मछली पसरा, बिलासपुर रोड और अस्पताल रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी धरपकड़ अभियान चलाया गया।
नगर पालिका की टीम नीले दस्तानों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ अभियान में जुटी रही। सीएमओ सूरज सिदार ने बताया कि जिन क्षेत्रों से सबसे अधिक शिकायतें मिली हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। पकड़े गए कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा और उनका टीकाकरण भी कराया जाएगा।
सीएमओ ने शहरवासियों से अपील की है कि घरों और दुकानों के आसपास कचरा खुले में न फेंकें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने तथा असामान्य व्यवहार वाले कुत्ते के दिखाई देने पर तत्काल नगर पालिका कार्यालय को सूचना देने की अपील की है। नगर पालिका के इस अभियान से शहरवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

