सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने उनका स्वागत करते हुए जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक समय-सीमा की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने जिले के सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों से जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली और प्रशासनिक कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत हुए।
2013 बैच के अधिकारी हैं चंद्रकांत कौशिक
अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने नारायणपुर, कबीरधाम, बस्तर, राजनांदगांव, धमतरी और बालोद सहित विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। विभिन्न जिलों में कार्य करने के दौरान उन्हें प्रशासनिक प्रबंधन, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा मैदानी स्तर पर शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है।
अनुसूचित क्षेत्र में भी रहा लंबा प्रशासनिक अनुभव
श्री कौशिक ने अपने सेवाकाल में लगभग पांच वर्षों तक अनुसूचित क्षेत्र में भी सेवाएं दी हैं। ऐसे क्षेत्रों में कार्य करने के अनुभव के कारण उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों की प्रशासनिक चुनौतियों, जनसमस्याओं और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रक्रिया की अच्छी समझ है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अपर कलेक्टर के रूप में उनकी पदस्थापना को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व मामलों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिले की प्रशासनिक प्राथमिकताओं को समझना शुरू कर दिया है।

- आवारा कुत्तों पर नपा का शिकंजा, सड़कों पर उतरी कुत्ता पकड़ू टीम… - October 6, 2026
- सारंगढ़ में नए अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने संभाला कार्यभार, प्रशासनिक अनुभव से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति… - October 6, 2026
- खेलभांठा में 7 अक्टूबर को सेवा का महासंगम, विशाल रंगोली बनेगी आकर्षण… - October 6, 2026
