सारंगढ़। शहर में दिनदहाड़े स्कूटी चोरी की घटना ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेरहा स्थित एक वाटर प्लांट के बाहर खड़ी जुपिटर स्कूटी को अज्ञात चोर महज 15 मिनट के भीतर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाबाकुटी सारंगढ़ निवासी श्रीमती प्रीति, 30 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे अपने पति के नाम से पंजीकृत जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG13 BL 6528) से खेरहा स्थित एक वाटर प्लांट में निजी काम से पहुंची थीं। उन्होंने स्कूटी प्लांट के बाहर खड़ी कर अंदर चली गईं। करीब 15 मिनट बाद जब वापस लौटीं तो स्कूटी वहां से गायब थी।
पीड़िता ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी चोरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त स्कूटी या संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गई स्कूटी बरामद की जा सके।



