आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज में 0-2 से करारी हार झेलने के बाद नए भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer ) की अगुवाई में अब टीम इंडिया उससे भी कठिन अभियान का सामना करने जा रही है।

इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम आज (1 जुलाई, मंगलवार) से मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज (IND vs ENG T20I Series 2026) खेलने उतरेगी। आयरलैंड के खिलाफ दोनों ही टी20 मैचों में मिली शिकस्त के बाद भारतीय टीम को अपनी रणनीति पर काम करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में हालात और कठिन होने वाले हैं। इंग्लैंड टी20 टीम की कमान हैरी ब्रूक (Harry Brook) के हाथों में है।
भारत और इंग्लैंड के टी20 में आंकड़े कैसे हैंः मेजबान टीम इंडिया और इंग्लैंड के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेत हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें 18 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 12 मैचों में इंग्लैंड की टीम ने भारत को मात दी है। मौजूदा सीरीज इंग्लैंड की जमीन पर होने जा रही है। इंग्लैंड में भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं, जिनमें मुकाबले कांटे का रहा है। जहां मेजबान टीम ने अपनी जमीन पर भारत को 5 मैचों में हराया है। वहीं, टीम इंडिया ने इंग्लैंड को उसी की जमीन पर 4 मैचों में मात दी है।
इंडिया और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक कब और कहां खेला जाएगा?
आज का मैच कहां होगा मुकाबला मैच का समय
भारत-इंग्लैंड पहला टी20 मैच चेस्टर-ली-स्ट्रीट (रिवरसाइड ग्राउंड) भारतीय समय के मुताबिक रात 10:00 बजे
इंग्लैंड और भारत की टी20 टीमें
इंग्लैंड टी20 टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन और जैकब बेथेल।
टीम इंडिया: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन और अक्षर पटेल।
आज के मैच में किन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें?
भारत और इंग्लैंड के बीच आज होने वाले सीरीज के पहले टी20 मैच में सभी की नजरें कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर टिकी होंगी। सबसे पहला नाम है वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का, जिनको आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में मौका नहीं दिया गया लेकिन इंग्लैंड में उनके डेब्यू होने की पूरी संभावनाएं हैं। उनके अलावा, भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा (Tilak Varma) से काफी उम्मीदें होंगी जो इस समय लय में हैं। तीसरे खिलाड़ी हैं तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (Prince Yadav) जो आईपीएल से लेकर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू तक, लगातार खुद को साबित करते आ रहे हैं। वहीं, इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक के अलावा अनुभवी जोस बटलर (Jos Buttler) से स्थानीय फैंस को काफी उम्मीदें होंगी। जबकि, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) पर भी नजरें टिकी रहेंगी।


